बाइक से गिरते ही महिला पर चढ़ा कैप्सल ट्रक का पहिया

उज्जैन। बाइक पर सवार दंपति और बेटी को मंगलवार को सीमेंट के कैप्सूल ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक से महिला और उसकी बेटी गिर गये। ट्रक का पहिया महिला पर चढ़ गया। दबने से उसकी मौके पर मौत हो गई। बेटी घायल हुई है। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच ट्रक को जप्त कर चालक को हिरासत में लिया है। चिमनगंज थाना एएसआई श्रवण भदौरिया ने बताया कि चक कमेड मार्ग पर सीमेंट केप्सूल ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीडी 8265 ने पीछे से बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी थी। बाइक पर पीछे बैठी भगवंताबाई पति जगदीश शर्मा 40 वर्ष और उसकी बेटी किरण शर्मा 20 गिर गये थे। ट्रक का पहिया भगवंताबाई पर चढ़ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। किरण घायल हुई है। बाइक पर जगदीश शर्मा भी सवार था जो गिरने पर मामूली घायल हुआ है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक जप्त करने के साथ चालक को हिरासत में लिया गया है। जगदीश शर्मा ने बताया कि वह ग्राम कागदी कराडिया घटिया तहसील के रहने वाला है। पत्नी और बेटी के साथ उज्जैन बाजार से सामान खरीदने आ रहा था। बेटी की हालत भी ठीक नहीं है। उसे जिला अस्पताल से उपचार के लिये निजी अस्पताल ले जाया गया है। एएसआई भदौरिया के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर शाम को महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है।