राजवाड़ा पर नो एंट्री का दिखने लगा असर, तीन गुना घटी उल्लंघन करने वालों की संख्या

 

राजवाड़ा क्षेत्र में ई-रिक्शा और आटो के प्रवेश पर प्रतिबंध से आवागमन आसान

इंदौर। ई-रिक्शा और आटो के लिए राजवाड़ा क्षेत्र में नो एंट्री का असर अब दिखने लगा है। चालक नो एंट्री के ट्रायल से जागरूक हो रहे हैं। मंगलवार को केवल 57 ई-रिक्शा और आटो वालों ने नियम तोड़ा, जबकि सोमवार को यह संख्या 147 थी। उल्लंघन करने वालों में दो दिन में करीब तीन गुना की गिरावट आई। बुधवार को यह संख्या और घट गई। सड़क सुरक्षा बैठक में राजवाड़ा क्षेत्र में ई-रिक्शा और आटो की नो एंट्री का आदेश जारी हुआ था।
इसके लिए सोमवार से ट्रायल चल रहा है। एसीपी किरण शर्मा ने बताया कि चालकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को भी जिन आटो और ई-रिक्शा चालकों ने नियमों का उल्लंघन किया, उनसे यातायात संचालित करवाया गया। ताकि वे आगे से नो एंट्री में प्रवेश न करें। ट्रायल सफल होने के बाद नो एंट्री में प्रवेश करने पर इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

तीन माह में 532 लाइसेंस निलंबित

यातायात पुलिस ने जनवरी से मार्च तक शहर में 532 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। इस दौरान रेड लाइट जंप करने वाले 395 दो पहिया वाहन, 136 चार पहिया वाहन और शराब पीकर वाहन चलाने वाला एक वाहन शामिल है। शहर के बिगड़ैल यातायात से सभी लोग परेशान हैं। इसे लेकर यातायात पुलिस ने लाइलेंस निलंबन की कार्रवाई बढ़ाई है।

रेड लाइट तोड़ने पर तीन माह में 7000 चालान

इसके अलावा जनवरी से 15 मई तक रेड लाइट उल्लघंन पर 6904, बिना हेलमेट 9404, बिना सीट बेल्ट 1124, नो पार्किंग में 1292, तीन सवारी पर 117 चालान हुए। यातायात पुलिस ने बताया कि यातायात संचालन को सुचारु रुप से चलाए रखने के लिए आवश्यक जारी रहेगी।

मनमानी पार्किंग करने पर जब्त हुए 30 से ज्यादा वाहन

मंगलवार को गीता भवन से शिवाजी वाटिका की तरफ जाने वाली सड़क पर यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। एसीपी हिन्दू सिंह मुवेल ने बताया कि यातायात को बाधित कर रहे 30 से अधिक वाहनों को कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया। इसके अलावा पुलिस टीम ने माइक से अनाउंस कर लोगों को मनमाने ढंग से पार्किंग न करने की हिदायत दी।