अब क्षेत्रीय संचालक डा.पिप्पल ने जांची जिला अस्पताल की नब्ज

 

-आकस्मिक निरीक्षण कर मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं को परखा

उज्जैन। जिला चिकित्सालय में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के पर्यवेक्षण एवं प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच के लिये क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ.दीपक पिप्पल द्वारा जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं को परखा है।

डा.पिप्पल ने निरीक्षण के दौरान मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का सिरे से जायजा लिया एवं विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल आपूर्ति व गर्मी से बचाव के लिये पंखे-कूलर आदि व्यवस्थाओं के दिशा-निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये। इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं तुरन्त उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग गर्मी से बचाव सम्बन्धित दिशा-निर्देश सतत जारी करे, जिससे नागरिक लू से होने वाली स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं के प्रति जागरूक रहें। निरीक्षण के दौरान डॉ.सव्यसाची तिवारी, डॉ.नीतराज गौड़, श्री दिलीप सिंह सिरोहिया उपस्थित थे।