बेगमबाग में 4 होम स्टे पर नहीं लिखे थे नम्बर-नाम

दैनिक अवंतिका उज्जैन
उज्जैन। प्रशासन द्वारा शहर में होटल, धर्मशाला, लॉज होमस्टे पर संचालक-मैनेजर के नाम मोबाइल नंबर के साथ भस्म आरती की सूची लगाने के आदेश जारी किए हैं। जिसका उल्लंघन करते हुए चार होमस्टे संचालकों के खिलाफ धारा 188 के साथ 14 सरायअधिनियम का प्रकरण दर्ज किया गया है।
महाकाल लोक बनने के बाद शहर में हर घर होमस्टे, होटल में तब्दील हो चुका है। देश-विदेश से धार्मिक नगरी में आने वालों को उसमें सुविधा का हवाला देकर ठहराया जा रहा है। गली गली में खुल चुके होमस्टे चलने वाले नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। कुछ दिन पहले प्रशासन ने आदेश जारी किया था कि सभी होम स्टे, होटल और लॉज, धर्मशाला संचालित करने वाले को अपना नाम, मोबाइल नंबर, मैनेजर का नाम, भस्मारती, दर्शन समय सूची के साथ फायर सेफ्टी की जानकारी बाहर अंकित करना होगी। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आदेश के बाद कई लोगों ने पालन करना शुरू कर दिया था। लेकिन गली-मोहल्लो में चल रहे होम स्टे आदेश का पालन नहीं कर रहे थे। बुधवार रात प्रशासन और पुलिस की टीम ने आदेश का पालन नहीं करने वालों की जांच शुरू की। बेगमबाग पहुंचने पर हिंद होमस्टे, शाइन होमस्टे, रिपोन होमस्टे और बेस्ट व्यू होमस्टे  आदेश का पालन करते नहीं पाये गये। एसडीएम लक्ष्मीकांत दुबे, तहसीलदार रूपाली जैन ने चारों के संचालको के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने निर्देश पुलिस को दिये। महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने मामले में चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। जांच टीम के साथ नगर निगम की टीम भी शामिल थी, जिसने चारों होम स्टे को सील कर दिया। रात में हुई कार्रवाई के बाद होम स्टे का संचालन करने वालों ने अपने यहां नाम, नबंर और आरती समय की सूची चस्पा करना शुरू दिया था।