ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से 15 फीट नीचे गिरी, 5 की मौत

दतिया। दतिया जिले में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 लड़कियों और 2 महिलाएं हैं। 19 लोग घायल हैं। ट्रॉली में 30 लोग सवार थे। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र के गांव जोरा मैथाना पाली के पास हुआ। 3 मृतक एक ही परिवार के हैं। जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में सवार लोग दीसवार गांव से रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने जा रहे थे।

 

गांव से 6 ट्रैक्टर एकसाथ निकले थे। एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरा और पलट गया। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। 17 को दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर करना पड़ा।

हादसे की सूचना के बाद एसपी वीरेंद्र मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर हादसे के बारे में जाना। हादसे में दीसवार निवासी नवल किशोर की पत्नी और दो बेटियों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से हादसा हुआ होगा। वहीं, दूसरे ट्रैक्टर वालों का कहना है कि स्टीयरिंग जाम हो गया था।