दैनिक अवंतिका उज्जैन। रुद्रसागर के बीच में आर्च ब्रिज लगभग बनकर तैयार हो गया है। इस ब्रिज से जल्द ही श्रद्धालु महाकाल मंदिर तक पहुंचने लगेंगे। ब्रिज को यदि प्रशासन चाहे तो इस वर्ष श्रावण मास में भी उपयोग कर सकता है। हालांकि इसका निर्णय अधिकारी निरीक्षण के बाद करेंगे। 
दो साल पहले ब्रिज का निर्माण शुरू हुआ था। अब यह ब्रिज लगभग बनकर तैयार है। क्योंकि निर्माण एजेंसी को भी ब्रिज पूरा करने के लिए जून 2024 के अंत तक का समय ही दिया गया था। यह शहर का पहला आर्च ब्रिज है इसलिए इसे बनाने भी समय लग गया। 
यह ब्रिज 200 मीटर लंबा, 07 मीटर चौड़ा है  
– रूद्रसागर पर बना आर्च ब्रिज 200 मीटर लंबा और 07 मीटर चौड़ा है। 
– स्मार्ट सिटी कंपनी ने इसका निर्माण 25 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से किया है। 
– इसे बनाने के लिए 18 माह की समय सीमा तय की गई थी। 
– स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारी कंस्ट्रक्शन कंपनी को समय पर ड्राइंग डिजाइन नहीं दे सके। 
– बाद में ड्राइंग में भी बदलाव किए गए। बाधाओं को पार कर यह पुल तैयार है। 
– एक दो दिन में स्लैब डालने का काम भी पूरा हो जाएगा।
 
स्कूल तरफ के एप्रोज रोड 
का काम अभी बाकी है 
महाकाल मंदिर के पीछे बने महाकाल लोक की ओर का ब्रिज का एप्रोच रोड तो बन गया है। लेकिन दूसरी तरफ रूद्रसागर किनारे बने स्कूल के पास के एप्रोच रोड का काम अभी बाकी है। यह हिस्सा तकिया मस्जिद क्षेत्र में है, जिसकी जमीन का अभी अधिग्रहण करना बाकी है।
 
कैनोपी लगाएंगे, इसमें डेढ़ 
करोड़ का खर्चा आएगा
आर्च ब्रिज पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कैनोपी लगाने की भी योजना है। इसके लिए डेढ़ करोड़ रुपए का खर्च आएगा। प्रस्ताव तैयार है लेकिन निर्णय होना बाकी है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार इस पर अभी विचार चल रहा है।
 
कलेक्टर ने कहा पहले 
ब्रिज पर फोकस कर रहे
रूद्रसागर आर्च ब्रिज का काम लगभग पूरा हो गया है। जून अंत तक ही इसकी समय सीमा भी तय की थी। आगे कैनोपी भी लगाएंगे फिलहाल ब्रिज पर फोकस है। इसका शेष काम पूरा कर जल्द इसे चालू करने की योजना है।