मुख्यमंत्री आज उज्जैन से करेंगे पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का आरंभ 

 

 

उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज 16 जून को प्रातः 9 बजे उज्जैन स्थित पुलिस लाइन से पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का संचालन आरंभ करेंगे। पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा धार्मिक स्थल श्री महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, पचमढ़ी, खजुराहो, कान्हा, इंदौर, भोपाल के लिए संचालन आरंभ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि हम प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और अन्य पर्यटन केंद्रों तक हवाई सुविधा में आवागमन को और अधिक सुलभ बना रहे हैं। पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा अभी कुछ धार्मिक स्थलों पर प्रारंभ की जा रही है। यह सुविधा भविष्य में प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों के लिए होगी।

 

आज मां शिप्रा को करेंगे चुनरी अर्पण-

 

मुख्यमंत्री डॉ यादव आज सायं 4.30 बजे कपिला गौशाला रत्नाखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ यादव रामघाट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के श्रद्धालुओं के साथ मां शिप्रा को चुनरी अर्पण एवं पंचामृत अभिषेक करेंगे। रामघाट पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा मध्य प्रदेश की नदियों और जल संरचनाओं के संरक्षण, संवर्धन, पुनरूद्धार को समर्पित जलाभिषेक अभियान का जनप्रतिनिधियों और प्रदेशवासियों को संकल्प दिलाया जायेगा। मध्य प्रदेश में पहली बार सेटेलाइट मेपिंग के साथ उज्जैन की नदियों की समग्र जानकारी पर आधारित ग्रंथ, शिप्रा अमृत संभवा, सदानीरा, शिप्रा तीर्थ परिक्रमा पुस्तकों एवं सदानीरा अंबुनी ऑडियो-वीडियो सीडी का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा।