प्रदेश कांग्रेस में घमासान, अपनों का ही हमला– पटवारी अध्यक्ष रहे तो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 20 सीट भी नहीं जीत पाएगी

 

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भाजपा से ज्यादा राजनीतिक हमले तो खुद कांग्रेसी ही कर रहे हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह द्वारा जीतू पटवारी का विरोध किए जाने के बाद अब पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमिताभ अग्निहोत्री ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस आला कमान को पत्र लिखते हुए कहा है कि यदि जीतू पटवारी ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे तो आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 20 सीट भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी की अपने ही गृह क्षेत्र इंदौर में भी पकड़ नहीं है। प्रदेश की सभी लोकसभा सीट हार जाने को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा गया है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का अपनी ही पार्टी में लगातार विरोध बढ़ता जा रहा है। जीतू पटवारी राहुल गांधी के बहुत करीबी माने जाते हैं।

पहले भी हुई आला कमान से शिकायत

गौरतलब है कि पहले भी कुछ अन्य कांग्रेसियों ने आला कमान के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की थी, जिसमें लोकसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस की भूमिका पर कई सवाल उठाए गए थे।