आज स्कूलों में ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम 

-स्कूल चले अभियान का तीसरा दिन

 

-आज स्कूलों में बच्चों को पढाने पहुंचेंगे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

 

उज्जैन । स्कूल चले हम अभियान के तीसरे दिन गुरूवार को स्कूलों में जनप्रतिनिधि और अधिकारियों का स्वागत सत्कार होगा और वे कक्षाओं में जाकर बच्चों को पढाएंगे। अभियान के तीसरे दिन ‘भविष्य से भेंट ‘ कार्यक्रम के तहत ऐसा किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार  इस दिन का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें प्रेरित करना है।

 

तीन दिवसीय स्कूल चले हम अभियान का गुरूवार को अंतिम दिन रहेगा। मंगलवार से इसकी शुरू हुई है। पहले दिन बच्चों का स्वागत किया गया। डीईओ आनंद शर्मा ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, पालकों और समाज के बीच एक सकारात्मक संदेश फैलाने की कोशिश की जा रही है। इस प्रयास से शिक्षा के महत्व को व्यापक स्तर पर पहचान मिलेगी और उज्जैन जिले में शैक्षिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी। इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 1783 स्कूलों में कोई न कोई विशिष्ट अतिथि जाएंगे। इनमें प्रमुख जनप्रतिनिधि, पूर्व छात्र, और अधिकारी शामिल हैं। इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है।

 

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों का कार्यक्रम-

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद उज्जैन अनिल फिरोजिया द्वारा हायर सेकंडरी स्कूल नूतन इंदिरानगर, में पढ़ाने जाएंगे। इसी प्रकार विधायक उज्जैन उत्तर अनिल जैन कालूहेड़ा  महाराजवाड़ा न. 2 और हायर सेकेंडरी कालूहेड़ा में जाएंगे। महापौर मुकेश टटवाल सीएम राइज जाल सेवा हायर सेकंडरी स्कूल में जाएंगे। संभागायुक्त उज्जैन संजय गुप्ता  सीएम राइज जाल सेवा हायर सेकंडरी स्कूल पढ़ाने जाएंगे। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह उत्कृष्ट माधवनगर में जाएंगे। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ज्ञानोदय लालपुर में जाएंगे। सीईओ जिला पंचायत मृणाल मीना हायर सेकंडरी स्कूल माधवगंज में पढ़ाने जाएंगे। इसके अलावा अन्य अधिकारी भी विभिन्न विद्यालयों में जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर नीरज सिंह द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। विद्यालय प्राचार्य अतिथियों को आमंत्रित कर रहे हैं।