देश में मानसून की एंट्री के बीच 11 राज्यों में हीटवेव का दौर जारी, दिल्ली में 48 घंटे में गर्मी-लू से 7 मौतें

एजेंसी नई दिल्ली

देश में मानसून की एंट्री के बीच 11 राज्यों में हीटवेव का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू डिवीजन के लिए अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में अभी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। पिछले 48 घंटे में हीट स्ट्रोक से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 5 मरीज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज करा रहे थे, वहीं 2 मरीज सफरदरजंग अस्पताल में भर्ती थे। आरएमएल अस्पताल में 12 मरीज अभी वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर है। हीटवेव की शुरूआत से अब तक 45 लोगों को गर्मी से संबंधित बीमारियों के कारण यहां भर्ती कराया गया। उधर, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली में पिछले 3 दिनों में गर्मी और लू से 42 लोगों की मौत की आशंका है। हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों में मानसून 4 दिन में पहुंचेगा
देश के आधे से अधिक राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भारी, तो अन्य राज्यों में प्री मानसून बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले 3-4 दिन में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है। गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों- सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो रही है। असम में बाढ़ की वजह से 15 जिलों में 1.61 लाख लोग प्रभावित हैं। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए कमांडो तैनात किए गए हैं।