धार्मिक नगरी शर्मसार : उज्जैन में जबलपुर की महिला से गैंगरेप, दो आरोपी हिरासत में

काम की तलाश में आये दम्पती को इंदिरानगर में मिला था युवक

ताजपुर से जान बचाकर भागी ग्राम जम्बूरा में खदान के गड्ढे में गिरी, देर रात अस्पताल लाई पुलिस

सामान दिलाने के बहाने पति को दूर सूनसान जगह छोड़ आए…

दैनिक अवन्तिका उज्जैन

धार्मिक नगरी में गुरुवार को शर्मसार करने वाली 2 घटना सामने आई। काम की तलाश में उज्जैन आये दंपती को एक युवक ने झांसा दिया और साथ ले गया। जहां साथी के साथ मिलकर महिला से गैंगरेप किया गया। दूसरी घटना में 70 साल की वृद्धा के साथ दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है।

जबलपुर के ग्राम सिकरी थाना कुंडम क्षेत्र में रहने वाले 20 से 25 वर्षीय दंपती काम की तलाश में निकले थे। इंदौर आने के बाद मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। इस दौरान घूमते हुए आगररोड इंदिरानगर तक आये। जहां उन्हें एक युवक मिल गया, उसने काम के साथ रहने की जगह देने की बात कही। दंपती युवक की बात पर विश्वास कर उसके साथ ताजपुर पहुंच गये। काम दिलाने वाले ने अपना नाम रवि चौहान निवासी आगर नाका होना बताया।

वह ताजपुर में इमरान उर्फ इम्मा के खेत पर दपंती को लेकर पहुंचा। जहां एक कमरा दिलाने के बाद महिला को कमरे पर छोड़ा और उसके पति को सामान दिलाने के बहाने साथ लेकर निकल गये। कुछ देर बाद महिला के पति को दूर सूनसान क्षेत्र में छोड़कर दोनों वापस लौट आये और कमरे पर पहुंचकर महिला के साथ दरिंदगी शुरू कर दी। दोनों ने महिला को बंधक बना लिया था। दरिंदगी करने के बाद वह महिला को कमरे में बंद कर चले गये। बमुश्किल महिला अर्द्धनग्न हालत में कमरे से बाहर निकली। मामला रात में पंवासा थाना पुलिस के पास पहुंचा। थाना एसएचओ रविन्द्र कटारे ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को तस्दीक के बाद गुरुवार देर शाम हिरासत में ले लिया गया है।

महिला को मजदूरों ने गड्ढे से बाहर निकाला
बताया जा रहा है कि दरिंंदगी का शिकार हुई महिला खुद की जान बचाकर ताजपुर से भागते हुए कच्चे रास्ते से ग्राम जम्बुरा तक पहुंच गई थी। जहां विजय पाल की खदान से गुजरते समय अंधेरे में खदान के गड्ढे में जा गिरी। उसे काम में लगे मजदूरों ने गड्ढे में गिरा देखा तो बाहर निकाला और मदद करते हुए कपड़े उपलब्ध कराये। महिला की आपबत्ती सुनने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रास्ते में भटकता मिला पति
उक्त घटना की जानकारी में आने के बाद आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस घटनास्थल की तस्दीक के लिये निकली। उसी दौरान दरिंदगी का शिकार हुई महिला का पति पुलिस को रास्ते में भटकता हुआ मिल गया। उसने बताया कि दोनों युवक उसे दूर छोड़कर लापता हो गये थे। रास्ता पता नहीं होने पर वह भटकता हुआ अपनी पत्नी की तलाश कर रहा था।

गुना निवासी 70 साल की वृद्धा दुष्कर्म की शिकार
शर्मसार करने की दूसरी घटना माधवनगर रेलवे स्टेशन की होना सामने आई है। 19 जून की सुबह 70 वर्षीय वृद्धा के साथ नीलगंगा क्षेत्र में टूट चुके रेलवे क्वार्टर के खंडहर में एक बदमाश ने दुष्कर्म किया। वृद्धा बीनागंज की रहने वाली है और बेटे के साथ काम की तलाश में उज्जैन आई थी। दोनों ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नबंर 8 पर रात गुजारी थी। सुबह वृद्धा शौच जाने के लिये निकली थी, उसी दौरान घटना होना बताई जा रही है। वृद्धा दिनभर शिकायत दर्ज कराने के लिये भटकती रही। बेटा जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। जहां पहले पुलिस को शिकायत दर्ज कराने के लिये कहा गया। अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी ने मदद की और जीआरपी को सूचना दी। देर शाम जीआरपी ने वृद्धा का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया। थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द आरोपी का पता लगा लिया जाएगा।