पूरे देश में मनाया जा रहा योग दिवस– मुख्यमंत्री ने भोपाल में योगाभ्यास किया, “श्रीअन्न संवर्धन अभियान” का शुभारंभ

 

लाल परेड ग्राउंड में रखा था आयोजन, बारिश के चलते सीएम हाउस में हुआ

भोपाल। आज देश भर में योग दिवस मनाया जा रहा है। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में योग दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर “श्रीअन्न संवर्धन अभियान” का शुभारंभ किया।
दसवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भोपाल में भी राज्यस्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहले यह कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में रखा गया था, लेकिन बारिश के चलते स्थान में परिवर्तन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। साथ ही कहा कि 10 साल पहले भारत ने संयुक्त राष्ट्र में योग से निरोग का प्रस्ताव रखा था, जो पारित हुआ। आज दुनिया योग के कार्यक्रम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को हमने पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। योग के शिक्षकों को बराबर का दर्जा देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि योग से हम शारीरिक, मानसिक शांति पाते है। योग की कल्पना की गई कि हम अपने जीवन के 100 साल पूरा करे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार 11 नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोल रही है। इससे आयुर्वेद के क्षेत्र में प्रदेश की भूमिका बड़े स्तर पर सामने आएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में श्रीअन्न संवर्धन अभियान का शुभारंभ भी किया।