मंत्री विजयवर्गीय समर्थक भाजपा नेता की देर रात गोली मारकर हत्‍या

 

इंदौर में मोनू कल्याणे भगवा यात्रा के लगा रहा था झंडे, मार दी गोली, पुलिस ने दो को किया नामजद

इंदौर। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक मोनू कल्याणे की शनिवार देर रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मोनू रविवार को भगवा यात्रा निकालने वाला था। वह देर रात साथियों के साथ झंडे-बैनर लगवा रहा था। पुलिस ने उसकी हत्या में दो लोगों को नामजद किया है।

एमजी रोड पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे चिमनबाग के समीप गणेश मंडल के सामने की है। उषा फाटक निवासी मोनू पुत्र राजेंद्र कल्याणे अपने भाई और दोस्तों के साथ झंडे बैनर लगवा रहा था।
रविवार को मोनू ने चिमनबाग से राजवाड़ा तक भगवा यात्रा निकालने की तैयारी की थी। तभी दो बदमाश आए और दनादन फायर कर दिए।

एक गोली मोनू के सीने में लगी और एक गोली दायें हाथ को छूते हुए निकल गई। साथी उसे गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोनू कल्याणे विधानसभा क्रमांक-3 में काफी सक्रिय था। वह मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के खास समर्थकों में से एक था। मोनू भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी पदाधिकारी था।

दो आरोपियों को नामजद बनाया

जानकारी के मुताबिक दो लोगों पीयूष और अर्जुन को पुलिस ने नामजद किया है। मोनू के बारे में बताया जाता है वह ब्याज पर रुपये भी चलाता था। मोनू के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज हैं।

गोली मारने वाले चिमनबाग क्षेत्र के

बताया जा रहा है कि मोनू को गोली मारने वाले आरोपी चिमनबाग क्षेत्र में ही रहते हैं। मोनू ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। हत्या के पीछे भी पैसे के लेन-देन से जुड़े विवाद की बात सामने आ रही है। हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे घर पर नहीं मिले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह के विवाद की स्थिति न हो।