लोकसभा का पहला संसद सत्र आज से, नए सदस्य लेंगे शपथ

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो जायेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी नवनिर्वाचित सांसद शपथ लेंगे। वहीं लोकसभा स्पीकर के पद के लिए चुनाव भी होंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। अप्रैल-जून में हुए लोकसभा चुनाव बाद यह पहला लोकसभा सत्र होगा। 18वीं लोकसभा में एनडीए के पास 293 सीटों के साथ बहुमत है, जबकि भाजपा के पास 240 सीटें हैं। विपक्षी इंडिया ब्लॉक के पास 234 सीटें हैं, जिसमें कांग्रेस के पास 99 सीटें हैं। प्रधानमंत्री मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य सुबह 11 बजे से शपथ लेंगे। पीएम मोदी के शपथ लेने के बाद मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य शपथ लेंगे।