गुजरात के मोरवी से हिरासत में आया आरोपित ठिकाने लगाने की फिराक में था धोखे से लेकर गया हुण्डाई कार

उज्जैन। परिचित से 2 घंटे के लिये हुण्डाई कार लेकर गया शातिर युवक गुजरात के मोरवी में ठिकाने लगाने की फिराक में था। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। कार बरामद करने के बाद उसे रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। नीलगंगा टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि 21 जून को अर्चना परिसर में रहने वाले संदीप पिता स्व मनोहरलाल मालवीय 29 वर्ष ने शिकायती आवेदन देकर बताया था कि कुछ दिन पहले उसका परिचित अर्जुन पिता ईश्वरलाल त्रिवेदी ग्राम पचलासी खाचरौद हाल मुकाम महालक्ष्मीनगर नागझिरी उसकी हुण्डाई क्रमांक एमपी 13 सीडी 1328 लेने आया था और 2 घंटे में वापस आने का बोलकर ले गया था। उसके बाद से लापता है और ना ही कार लौटाई गई है। उसने प्रवंचना पूर्ण तरीके से धोखाधड़ी की है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई और एएसआई अर्जुनसिंह तोमर, प्रधान आरक्षक राहुल कुशवाह को कार लेकर गये अर्जुन त्रिवेदी की तलाश के लिये अलर्ट किया गया। अर्जुन की लोकेशन ट्रेस करने पर गुजरात के मोरवी में होना सामने आते ही राहुल कुशवाह को रवाना किया गया। जहां अर्जुन त्रिवेदी परिवार के साथ मिला। उसने पहले बरगलाने का प्रयास किया, उससे कार जप्त कर उज्जैन लाया गया। जहां पूछताछ में सामने आया कि वह कार को ठिकाने लगाने की फिराक में था। उसके खिलाफ धारा 420, 406 में दर्ज प्रकरण में गिरफ्तारी की गई और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। कर्ज चुकाने के लिये रचा था षड़यंत्र बताया जा रहा है कि अर्जुन त्रिवेदी ने प्रेम विवाह किया है। उसके बाद वह खाचरौद से उज्जैन रहने आ गया था। फरियादी संदीप मालवीय को ड्रायवर की जरूरत होने पर अर्जुन से संपर्क हुआ था। जब भी संदीप को ड्रायवर की जरूरत होती थी अर्जुन को बुला लेता था। दोनों में अच्छा परिचय हो गया था। इसी बात का फायदा अर्जुन ने उठाया। उसके ऊपर कर्ज हो गया था। वह ड्रायवरी के साथ पंडिताई का काम करने लगा था। लेकिन कर्ज बढ़ता जा रहा था। जिसके चलते उसने 7 लाख कीमत की कार को धोखाधड़ी से हथिया लिया और ठिकाने लगाकर कर्ज चुकाने का षड़यंत्र रचा।