इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में 30 लोगों की हुई घर वापसी, मुस्लिम धर्म छोड़कर अपनाया हिंदू धर्म

 

इंदौर। शहर में 30 लोगों ने धर्मांतरण कर घर वापसी की। आयोजन स्‍थानीय खजराना गणेश मंदिर में हुआ। इसके लिए विधि-विधान से खजराना गणेश मंदिर में पूजन -पाठ और हवन किया गया। सनातन धर्म से प्रभावित होकर इन लोगों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया है।
धर्मांतरण के बाद 58 वर्षीय जमीन बी जमना बाई, 34 वर्षीय नीलोफर शेख निकिता, 34 वर्षीय अक्षा शेख आकांक्षा और रज्जाक अब रोहित के नाम से पहचाना जाएगा।

जानकारी के अनुसार कानूनन धर्मांतरण के लिए इन लोगों ने इंदौर कलेक्टोरेट में आवेदन भी दिया था। इसके बाद यह आयोजन किया गया।
विश्व हिंदू परिषद मालवा प्रांत के प्रमुख संतोष शर्मा ने कहा कि धर्मांतरण कर रहे सभी लोगों की घर वापसी हो रही है। मुस्लिम धर्म छोड़ इन्होंने हिंदू धर्म अपनाया है।

इसमें से रोहित पहले हिंदू ही था। उसने कुछ समय पहले मुस्लिम धर्म अपनाया था। अब फिर से वह हिंदू धर्म अपना रहा है।
आज हिंदू धर्म अपनाने वाले लोगों में इंदौर के साथ आसपास के शहरों के लोग शाम‍िल हैं। इंदौर के सबसे अधि‍क एक दर्जन लोगों ने घर वापसी की है। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी हैं।
इससे पहले 27 अप्रैल को भी खजराना गणेश मंदिर में 9 लोगों की घर वापसी हुई थी। इनकी घर वापसी गोमूत्र और गंगाजल ग्रहण कर शुद्धिकरण कर करवाई गई थी।
इनका शुद्धिकरण और हवन करवाकर खजराना गणेश मंदिर में पूजन कराया गया था। धर्मांतरण करने वालों में 3 लोग इंदौर और 6 लोग मंदसौर के थे। बाद में इन लोगों को कट्टरपंथियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।