सेहतनामा- पुणे में मिले जीका वायरस के 2 केस

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक 42 वर्षीय डॉक्टर और उनकी बेटी के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टर को बुखार आया और शरीर पर चकत्ते हो गए तो वे एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए गए। उनके लक्षण डेंगू से मेल खा रहे थे पर डेंगू नहीं हुआ था। इसलिए अस्पताल ने उनका ब्लड सैंपल पुणे के राष्ट्रीय वायरस विज्ञान संस्थान के पास जांच के लिए भेजा। 21 जून को रिपोर्ट में डॉक्टर के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। घर में बाकी सदस्यों के ब्लड सैंपल लिए गए तो उनकी बेटी भी पॉजिटिव निकली।
जीका वायरस संक्रमित एडीज मच्छरों से फैलने वाली बीमारी है। ये मच्छर आमतौर पर थोड़े गर्म इलाकों में होते हैं। यह वायरस सेक्स से भी फैल सकता है। अगर कोई गर्भवती महिला इससे संक्रमित हो जाती है तो जीका वायरस उसके भ्रूण को प्रभावित कर सकता है। यह बच्चे की जन्मजात मेडिकल कंडीशंस का कारण बन सकता है। इससे बच्चे का मानसिक विकास बाधित हो सकता है और दृष्टि संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।