पिता की दूसरी शादी से नाराज बेटे ने शरीर छलनी कर उतारा मौत के घाट

 

पत्नी के साथ फरार, पुलिस कर रही तलाश

इंदौर। राजेंद्र नगर इलाके में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। बेटे ने 13 बार चाकू से गर्दन, सीने सहित हाथ-पैर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता ने मां के मरने के बाद दूसरी शादी कर ली थी, जिससे आरोपी गुस्से में था।
पुलिस के अनुसार कमल पुत्र धानसिंह शनिवार रात करीब दो बजे घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके पुत्र अमन ने चाकू से हमला किया था, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। अमन ने 13 बार चाकू से गर्दन, सीने, हाथ, पैर पर वार किया। कमल को बचाने के लिए उनकी दूसरी पत्नी आई, तो अमन ने उस पर हमला कर दिया। मामले में आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

डेढ़ वर्ष पहले पिता ने की थी दूसरी शादी

बता दें कि कमल की पहली पत्नी आशा की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी। करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने निशा से दूसरी शादी की थी। कमल के दो बेटे और दो बेटी हैं। सभी की शादी भी हो चुकी हैं। कमल ने दूसरी शादी की थी, तभी से बेटा अमन नाराज चल रहा था। वह आए दिन इस बात को लेकर घर में विवाद करता था।

पत्नी के साथ फरार हो गया आरोपी

गुरुवार रात में अमन का पिता और सौतेली मां से विवाद हुआ था। वह घर के खर्चो के चलते नाराज चल रहा था, जिसे सुलझाने के लिए बेटी और दामाद भी घर आए थे। इसके बाद सभी अपने कमरे में सो गए थे, लेकिन इसके बाद उसने इस घटनाक्रम को अंजाम दिया। आवाज आई तो परिवार के अन्य सदस्य उठ गए। आरोपी अमन वहां से पत्नी के साथ भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।