चूहों ने रुकवा दी ट्रेन, रात एक बजे सीट छोड़कर भागे यात्री

 

जबलपुर। लखनऊ से चलकर जबलपुर आने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस के एसी कोच में रात तकरीबन एक बजे हड़कंप मच गया। ट्रेन के बी 4 में अचानक फायर अलार्म बजने ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान ट्रेन मझगवां से जैतवारा की ओर आ रही थी। ट्रेन को तत्काल रोका गया और रेल कर्मचारियों की मदद से जांच की। कहीं भी आग लगने या धुंआ उठने जैसे स्थिति नहीं मिली। लगभग 30 मिनट तक जांच करने के बाद पता चला कि कोच में पहले से मौजूद चूहों ने फायर अलार्म के तार काट दिए, जिससे वह बजने लगा।

दूसरे कोच में शिफ्ट किए यात्री, एक घंटे तक दहशत

शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे चित्रकूट एक्सप्रेस 15205 लखनऊ से रवाना हुई। रात लगभग 1.12 पर ट्रेन सतना से दो स्टेशन पहले मझगवां पहुंची। यहां पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन जैतवारा के लिए रवाना हो गई। ट्रेन ने कुछ किमी का ही सफर तय किया था कि अचानक कोच में जोरों से फायद अलार्म बज गया। इसकी आवाज सुनकर यात्री घबरा गए और उन्होंने तत्काल अन्य यात्रियों को कोच के बाहर निकाला।