एक पेड़ मां के नाम में नया कीर्तिमान बनाएगा इंदौर , एक हफ्ते में रोपेंगे 51 लाख पौधे

 

इंदौर। देश भर में एक पेड़ मा के नाम अभियान चलाया जा रहा है। इंदौर में भी नगरीय एवं प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा भी 51 लाख पौधे लगाने का नया कीर्तिमान इंदौर द्वारा स्थापित किया जाएगा। इसी अभियान के लिए तमाम तैयारियां इंदौर नगर निगम के तरफ से की जा रही है। 7 जुलाई को इंदौर में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में एयरपोर्ट के सामने वन विभाग की जमीन पर एक लाख पौधे लगाने का काम किया जाएगा।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि 7 जुलाई से लेकर 14 जुलाई तक देश के तमाम बड़े नेता इंदौर के इस अभियान से जुड़ने के लिए यहां पर आएंगे। 7 जुलाई को पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी इंदौर आएंगे और यहां पर एयरपोर्ट के सामने फॉरेस्ट विभाग की जमीन पर एक लाख पौधे लगाने का काम किया जाएगा। वहीं 14 जुलाई को जिस दिन रेवती रेंज पर 11 लाख पौधे लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। उस दिन देश के गृहमंत्री अमित शाह के इंदौर आने की संभावना है। नगर निगम की तरफ से लगभग 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा बताया गया की 51 लाख पौधे लगाने के कार्य में शहर भर के लोगों से जन भागीदारी भी मांगी जा रही है।