बारिश : काजीरंगा नेशनल पार्क में 17 जानवर डूबे, बिहार में 6 और पुल गिरे

एजेंसी नई दिल्ली

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश जारी है। मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और असम बाढ़ की चपेट में हैं। इन राज्यों में सेना रेस्क्यू अभियान चला रही है। असम का काजीरंगा नेशनल पार्क बाढ़ में डूब गया है। पार्क के डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट आॅफिसर अरुण विग्नेश ने बताया कि पानी में डूबने से एक गैंडे के बच्चे और हॉग डियर समेत 17 जानवरों की मौत हुई है। 72 को बचाया गया है।

असम के 29 जिलों में 16.25 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। बुधवार को बाढ़ के पानी में डूबने से 8 लोगों की मौत हुई। सोनितपुर, शिवसागर और गोलाघाट में तीन और लोगों के पानी में बह जाने की आशंका है। राज्य में बाढ़, लैंडस्लाइड और तूफान में जान गंवाने वालों की कुल संख्या 56 हो गई है। बिहार के सीवान और सारण जिले में बुधवार को एक दिन में छह पुल ढह गए।