फिर लापरवाही , परमानंद धाम से गायब हुआ मानसिक दिव्यांग बालक

 

अपहरण का केस दर्ज, पुलिस कर रही तलाश, युगपुरुष धाम में 6 बच्चों की मौत के बाद शिफ्ट किए गए थे बच्चे

इंदौर। युगपुरुष धाम के मामले में एक और कांड हो गया। मानसिक-शारीरिक दिव्यांग बच्चों के बीमार होने और 6 बच्चों की मृत्यु होने के बाद जिन बच्चों को खंडवा रोड स्थित परमानंद आश्रम में स्थानांतरित किया गया था, उनमें से एक 16 वर्षीय आनंद कुमार गायब है। आश्रम संचालिका डॉ अनीता शर्मा की श‍िकायत के बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार यह किशोर मानसिक रूप से दिव्यांग है, इसलिए आशंका है कि आश्रम के बाहर चले जाने के बाद वह किसी घटना का शिकार भी बन सकता है। किशोर के गायब होने से प्रशासन और पुलिस में हड़कंप है। पुलिस अब इस किशोर की खोजबीन में जुट गई है। पुलिस ने इस मामले में युगपुरुष धाम आश्रम संचालिका की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार इस बच्‍चे को युग पुरुष धाम आश्रम से खंडवा रोड आश्रम भेजा गया था। शहर के पंचकुइया धाम आश्रम में क्षमता से अधिक बच्‍चे होने से उन्‍हें अन्‍य आश्रमों में भेजा जा रहा है।

सोमवार शाम से बच्चा गायब

तेजाजी नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बच्‍चा रविवार को ही युग पुरुष धाम आश्रम से खंडवा रोड स्थित अखंड परमानंद आश्रम भेजा गया था। सोमवार शाम को बच्‍चा गायब हुआ। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। खंडवा रोड आश्रम की संचालक की सूचना के बाद डॉ अनीता शर्मा पहुंची। इस बच्‍चे को कुछ दिन पहले ही हरदा से लाया गया था।

देर रात हुआ प्रकरण दर्ज

आश्रम संचालकों द्वारा कुछ देर तक खोजने पर भी जब वह नहीं मिला तो मामले की शिकायत महिला व बाल विकास विभाग से की गई। इसके बाद देर रात युगपुरुष धाम आश्रम संचालिका डाॅ अनिता शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर बालक की खेाजबीन शुरू कर दी है।