महाराष्ट्र में बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद : बद्रीनाथ हाईवे पर पहाड़ गिरा, असम में बाढ़ से 85 मौतें

 

एजेंसी नई दिल्ली

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

बीएमसी ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। मुंबई में रविवार देर रात 1 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक छह घंटे में 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।

भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण, मुंबई यूनिवर्सिटी में सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। सभी स्कूल-कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

महाराष्ट्र के अलावा उत्तराखंड में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण जोशीमठ के पास एक पहाड़ का टुकड़ा बद्रीनाथ हाईवे पर गिर गया। इस कारण हाईवे को बंद करना पड़ा है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
असम में सोमवार को बाढ़ के चलते छह और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही बाढ़, भूस्खलन और तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है।