गौतम गंभीर बने टीम इंडिया के हेड कोच, 2027 तक रहेगा कार्यकाल

द्रविड़ की जगह लेंगे,  केकेआर को इसी साल आईपीएल जिताया

ब्रह्मास्त्र मुंबई

गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बन गए हैं। इउउक सेक्रेटरी जय शाह ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। 42 साल के गंभीर ने द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ की जगह ली है।

द्रविड का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो गया। गंभीर का कार्यकाल जुलाई 2027 तक रहेगा। गंभीर ने डेढ़ महीने पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को कढछ-2024 का चैंपियन बनाया था। वे इसी साल कोलकाता की फ्रेंचाइजी के मेंटॉर बने थे। इतना ही नहीं, गंभीर ने अपनी मेंटॉरशिप में लखनऊ सुपर जायंट्स को लगातार 2 सीजन के प्लेआॅफ में पहुंचाया था।

 

इंडिया मेरी पहचान, देश की सेवा करना गर्व की बात: गंभीर
खुद को हेड कोच बनाए जाने के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- ‘इंडिया मेरी पहचान है और देश की सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात है। टीम इंडिया में वापसी करके गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं, हालांकि कैप अलग होगी, लेकिन मेरा लक्ष्य वही होगा, जो हमेशा से रहा है…हर भारतीय को गौरवान्वित करना। मैन इन ब्लू के कंधों पर 140 करोड़ भारतीयों के सपने हैं और मैं उन्हें पूरा करने का हर संभव प्रयास करूंगा।’

 

बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह का ट्वीट
शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा- ‘मॉडर्न-डे क्रिकेट का विकास तेजी से हुआ है और गंभीर ने इसे बड़े करीब से देखा हैं। गौतम ने अपने करियर में कई कठिनाइयों को पार किया है। उन्होंने अलग-अलग रोल निभाया है। मुझे भरोसा है कि वे भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आइडियल पर्सन हैं। उनका क्लियर विजन, एक्सपीरियंस उन्हें भारतीय टीम की कोचिंग भूमिका को निभाने के लिए सक्षम बनाता है।’

2000 के बाद टीम इंडिया के 5वें भारतीय हेड कोच होंगे गंभीर
टीम इंडिया ने साल 2000 के बाद विदेशी हेड कोच अपॉइंट करने को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया था। इस दौरान न्यूजीलैंड के जॉन राइट, आॅस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल, साउथ अफ्रीका के गैरी कर्स्टन और जिम्बाब्वे के डंकन फ्लेचर ने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली। फ्लेचर का कार्यकाल 2015 में खत्म हुआ, उनके बाद भारतीय हेड कोच बनाने का सिलसिला शुरू हुआ। तब से रवि शास्त्री 2 बार, वहीं अनिल कुंबले और राहुल द्रविड़ 1-1 बार कोच पद संभाल चुके हैं। 2007 में लालचंद राजपूत भी टीम के कोच बने थे। अब गंभीर ने कोचिंग पद संभाला है। इस तरह 21वीं सदी में वह टीम इंडिया के 5वें भारतीय कोच बने। उनका कार्यकाल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक रहेगा।