कार पेड़ से टकराई , 5 दोस्तों की मौत

2 गंभीर, छत पर गिरी पेड़ की डाल, 6 लोगों के सिर में चोट

दैनिक अवन्तिका नर्मदापुरम

नर्मदापुरम में एक टवेरा कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 11 युवकों को चोट आई। पिपरिया अस्पताल लाते-लाते 5 युवकों ने दम तोड़ दिया। 6 युवक घायल हैं, जिन्हें रात में ही नर्मदापुरम के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में इनमें से 5 को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को सभी शादी में सांडिया गए थे। वहां से रात 1.30 बजे पिपरिया लौटते समय हादसा हो गया। कार का ऊपरी हिस्सा पेड़ की डाल से रगड़ता हुआ निकला। डाल टूटकर छत पर गिर गई। इस वजह से सभी के सिर में चोट आई है। मृ़तकों में तीन नरसिंहपुर और दो नर्मदापुरम जिले के हैं।

पिपरिया सिटी थाने के एसआई एमएस बट्टी ने बताया कि घायलों को गाड़ी के कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। पुलिस मौके पर है। मामले की जांच की जा रही है। कलेक्टर सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह ने अस्पताल में घायलों के परिजन से मुलाकात की। उन्होंने स्टाफ से भी घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली।

घायलों में 2 की हालत गंभीर, 1 वेंटिलेटर पर

5 घायल नर्मदापुरम के नर्मदा अपना अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टर ऋत्विक यादव ने बताया कि करेली निवासी आयुष शर्मा (23) वेंटिलेटर पर है। पिपरिया निवासी ऋषभ चौरसिया भी आॅक्सीजन सपोर्ट पर है। पिपरिया के ही आदर्श चौरसिया (24), हर्षित विश्वकर्मा (24) और मयंक सोनी (19) निवासी करेली का इलाज चल रहा है। पिपरिया निवासी दीपेश साहू (22) जिला अस्पताल में भर्ती है।

सामने से कार आने पर हुआ हादसा
पिपरिया निवासी घायल आदर्श चौरसिया का कहना है, ‘सांडिया में रिश्ते के चाचा नीरज चौरसिया की शादी थी। वहां से ही पिपरिया लौट रहे थे। गाड़ी आयुष शर्मा चला रहा था। मैं पीछे बैठा हुआ था। हमारी गाड़ी नॉर्मल स्पीड में थी। सामने अचानक से कार आ गई। आयुष कंट्रोल नहीं कर पाया और टवेरा खेत में घुस गई।’