लाश ठिकाने लगाने में सहयोगी रहे आरोपित हिरासत में

– हत्या के बाद पति को किया गया था गिरफ्तार

उज्जैन। दो दिन पहले त्रिवेणी घाट शिप्रा नदी से बोरे में बंद एक महिला की लाश पुलिस ने बरामद की थी। महिला का गला घोट कर पति ने हत्या की थी और दो साथियों के साथ मिलकर ई रिक्शा से लाश को ठिकाने लगाया था। पति की गिरफ्तारी के बाद बीती रात सहयोगी रहे दोनों आरोपितो को पुलिस ने रात में गिरफ्तार कर लिया।

नागझरी थाना पुलिस ने त्रिवेणी घाट छोटे पुल के पास शिप्रा नदी से बोरे में बंद महिला की लाश दो दिन पहले बरामद की थी जिसकी पहचान रचना पति गोकुल टिपानिया निवासी पंवासा के रूप में हुई थी। रचना का गला घोट गया था और हाथ पैर बांधने के बाद बोरे में बंद कर लाश को फेंका गया था। पुलिस ने कुछ घंटे में ही मामले का खुलासा करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया था कि महिला की लाश को ई रिक्शा से ठिकाने लगाया गया है। पुलिस को ई रिक्शा के फुटेज मिले थे जिसमें हत्यारे पति के साथ दो अन्य के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। दोनों की तलाश की जा रही थी बीती रात ग्राम सिकंदरी के रहने वाले विनोद और नानाखेड़ा ट्रेजर बाजार के पास निवासरत चंदू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों ने ही रिक्शा की मदद से लाश को ठिकाने लगाने का काम मृतका के पति गोकुल के साथ मिलकर किया था। पुलिस ने पति को रिमांड पर लिया था जिसे आज दोपहर को लाश ठिकाने लगाने में सहयोगी रहे साथियों के साथ न्यायालय में पेश किया जाएगा।