बरामदगी के प्रयास, निरस्त होगा लायसेंस 2 दिन की तलाश के बाद हिरासत में आया रिटायर्ड फौजी

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। भाजपा नेता को गोली मारने वाले रिटायर्ड फौजी को 2 दिन की तलाश के बाद शनिवार को देवास से हिरासत में ले लिया गया। मामले में सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। 6 की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक की तलाश में टीम प्रयासरत है।
हामूखेड़ी में रहने वाले भाजपा नेता प्रकाश यादव को बच्चों के विवाद में गुरूवार रात रिटायर्ड फौजी सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया ने अपनी लायसेंसी पिस्टल से गोली मार दी थी। गोली सीने पर लगी थी। भाजपा नेता का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। नागझिरी थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया था। घटना के कुछ घंटे बाद लोकेन्द्र भदौरिया, राजू उर्फ राजेन्द्र भदौरिया, विजयसिंह भदौरिया, जयसिंह तोमर और युवराज जाट को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया और उसका भतीजा यज्ञेश भदौरिया फरार चल रहे थे। जिनकी तलाश में तीन टीम गठित की गई थी। 2 दिनों से लगातार टीम इंदौर, शाजापुर, देवास में दबिश मार दी थी। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेन्द्र प्रतापसिंह को देवास से हिरासत में ले लिया। जिसे दोपहर में उज्जैन नागझिरी थाने लाया गया है। फिलहाल हमले में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। एक फरार आरोपित यज्ञेश की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
तीन को न्यायालय में किया गया पेश
नागझिरी थाना प्रभारी कमल निगलवाल ने बताया कि घटनाक्रम के बाद हिरासत में लिये मुख्य आरोपी सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया के पिता विजयसिंह भदौरिया, भाई राजेन्द्र उर्फ राजू भदौरिया और विजयसिंह भदौरिया को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से तीनों को जेल भेजा गया है। जयसिंह तोमार, युवराज जाट के साथ देवास से हिरासत में आये सुरेन्द्र प्रतापसिंह से पूछताछ जारी है। वहीं फरार यज्ञेश का की जानकारी भी मिल चुकी है। संभवत: रविवार सुबह तक वह भी हिरासत में होगा।
पुलिस के सामने चलाई थी गोली
विदित हो कि भाजपा नेता प्रकाश यादव और सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया के परिवार में शामिल बच्चों के बीच विवाद चला आ रहा था। गुरूवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। जिसकी जानकारी लगने पर नागझिरी थाना पुलिस मामला शांत करने के लिये पहुंची थी। उसी दौरान रिटायर्ड फौजी सुरेन्द्र प्रतापसिंह ने लायसेंसी पिस्टल से 3-4 फायर कर दिये थे। एक गोली भाजपा नेता को लगी थी। पुलिस उससे पकड़ पाती वह गोली चलाता हुआ भाग निकला था।
इनका कहना
गुरूवार रात को नागझिरी थाना क्षेत्र में प्रकाश यादव पर गोली चलाने की घटना हुई थी। उसमें शामिल मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पिस्टल का लायसेंस भी निरस्त कराया जायेगा।

You may have missed