शाजापुर : जमीन विवाद में चली तलवार और लाठियां, फसल को ट्रैक्टर से रौंदा

ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश, फायरिंग भी की

दैनिक अवन्तिका शाजापुर

शाजापुर में जमीन विवाद में एक शख्स पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। विवाद के दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। तलवार और लाठियां भी चली।

इस पूरे विवाद में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक को इंदौर रेफर किया है। मामला जिले के बंदाहेड़ी गांव में रविवार का है। जहां एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर हमला कर दिया। 30 से अधिक हमलावर तीन ट्रैक्टर से सवार होकर आए थे। हमले के वीडियो भी सामने आए हैं।

खेत में खड़ी फसल पर चला दिया ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं। इनके बीच जमीन का विवाद चल रहा है। ये मामला अभी कोर्ट में है। कोर्ट के फैसले से पहले ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। इसके लिए खेत में खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चलाकर उसे नष्ट कर दिया गया।

ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश
बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह नाम के शख्स खेत पर काम कर रहे थे। तभी ट्रैक्टर से आए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। उन्हें ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की कोशिश की। खेत पर ही महेंद्र सिंह और बने सिंह भी थे। वे अपने भाई पर हमला होता देख वहां आए तो उन पर भी तलवार और लाठियों से हमला कर दिया गया। जिससे वे भी घायल हो गए। परिजन ने बताया सौदान सिंह, मान सिंह, नारायण सिंह, सजन सिंह, अनूप सिंह, दिलीप सिंह, मेहरबान सिंह, प्रेम सिंह सहित अन्य लोग हमला करने आए थे। इन्होंने फायरिंग भी की। घटना की जानकारी लगते ही मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी भरत सिंह किरार ने बताया अभी मामले की जांच चल रही है। उसके बाद प्रकरण दर्ज किया जाएगा।