रिमांड पर गोली चलाने वाला रिटायर्ड फौजी

उज्जैन। भाजपा नेता पर गोली चलाने वाले रिटायर्ड फौजी सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया के हिरासत में आने पर रविवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में यादव और भदौरिया परिवार के बच्चों में हुए विवाद को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने हो गये थे। 18 जुलाई की रात विवाद बढ़ने पर भदौरिया परिवार के सेना से रिटायर्ड फौजी सुरेन्द्र प्रतापसिंह भदौरिया ने अपनी लायसेंसी पिस्टल से भाजपा नेता प्रकाश यादव को गोली मार दी थी। पुलिस ने मामले में भदौरिया परिवार के सात सदस्यों पर जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया था। रिटायर्ड फौजी को शनिवार सुबह देवास से हिरासत में लिया गया। जिसे रविवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। फौजी से पिस्टल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले से जुड़े 6 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। एक अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की एक टीम लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बैंक खाता खोलने वालो का बढ़ा रिमांड
चिमनगंज पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों के बैंको में खाता खुलाने के बाद उस खातों का उपयोग आॅनलाइन फ्रॉड और सट्टा बेटिंग में उपयोग करने वाले 2 आरोपियों भुवान पिता सुरेशचंद्र परमार निवासी महिदुपर और छत्तीसगढ़ के रहने वाले सुरेन्द्र कुमार पिता तोलाराम को 14 जुलाई को गिरफ्तार किया था। दोनों सात दिनों की रिमांड पर थे। पूछताछ में उनसे तीन अन्य साथियों की जानकारी मिली थी। शनिवार को दोनों का रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दोनों की रिमांड अवधि 26 जुलाई तक बढ़वाई है। अब आरोपियों को साथियों की तलाश में नागपुर ले जाया जाएगा।