रुनिजा-खाचरोद मार्ग पर ट्रक और कार की भिड़ंत – एक महिला की मौत, तीन की हालत गंभीर

उज्जैन। रात में रुनिजा-खाचरोद मार्ग पर ट्रक-कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार एक महिला की मौके पर मौत हुई है। चालक और दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

 

भाटपचलाना थाना पुलिस ने बताया कि खेड़ावाड़ा बस स्टैंड रुनिजा-खाचरोद मार्ग पर ट्रक और कार के बीच भिड़ंत होने सूचना मिलती ही पुलिस पहुंची थी। कार में चार लोग सवार थे। जिसमें शामिल महिला कृष्णाबाई पति मदनलाल गहलोत 46 वर्ष निवासी खेदवदा की मौत हो चुकी थी। चालक और दो अन्य घायल थे सभी को बड़नगर अस्पताल लाया गया। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर तत्काल रात में ही उन्हें उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक महिला का आज सुबह बड़नगर में पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक महिला मजदूरी करती थी और ठेकेदार व अन्य मजदूरों के साथ प्रीतम नगर से मजदूरी का काम खत्म करने के बाद वापस ग्राम खेदवदा लौट रहे थे।

 

घायलों के नाम पर के स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ पाए हैं। इतनी जानकारी सामने आई है कि ओमनी कार ठेकेदार की थी और तीन दिन पहले ही खरीदी गई है। जिससे मजदूरों को लेकर वापस लौट रहा था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला है। घायलों के बयान दर्ज करने के लिए एक टीम इंदौर भेजी जाएगी वही ट्रक चालक की तलाश के लिए दुर्घटना स्थल मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जाएंगे।