मनाली में बादल फटने से आई बाढ़, हाईवे पर बड़े बड़े पत्थर बहकर आए

मनाली। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून में सामान्य से 38 फिसदी कम बारिश हुई है। लेकिन अब बीती रात को भयंकर बारिश और बाढ़ से मनाली में नुकसान हुआ है। यहां पर मनाली के सोलंगनाला में बादल फटने के बाद से अंजनि महादेव नाले में फ्लैश फ्लड आया है। इस कारण फिलहाल, लेह मनाली हाईवे बंद हो गया है। बड़े-बड़े पत्थर लेह मनाली हाईवे पर बने पुल पर आ गए हैं। गनीमत यह रही कि सैलाब में जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन एक पावर प्रोजेक्ट नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। जानकारी के अनुसार, आधी रात को भारी बारिश के बाद अंजनि महादेव नाले में बाढ़ आई थी। मनाली से करीब 15 किमी आगे की तरफ यह फ्लैश फ्लड देखने को मिला।

ग्लेशियर से निकलने वाले अंजनि महादेव नाले ने आधी रात को रौद्र रूप धारण कर लिया। यहां पर नाले में बड़े झ्रबड़े पत्थर बह आ गए। ये पत्थर पलचान से आगे लेह मनाली हाईवे पर आने से पुल से आवाजाही बंद हो गई। फ्लैश फ्लड की वजह से यहां पर कुछ घरों और एक पॉवरप्रोजेक्ट को नुकसान हुआ है।

 

लाहौल स्पीति पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मनाली के धुंधी से लेकर पलचान तक बादल फटा है और इस कारण लेह मनाली हाईवे का हिस्सा बह गया है और ऐसे में रोहतांग पास से लाहौल स्पीति के लिए आवाजाही हो रही है। पुलिस ने टूरिस्ट और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।