रक्षाबंधन पर भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डू का महाभोग

उज्जैन। महाकाल मंदिर में 19 अगस्त को रक्षाबंधन पर भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डू का महाभोग लगाया जाएगा। दिनभर भक्तों को महाप्रसादी का वितरण होगा। इस बार रक्षाबंधन के दिन श्रावण मास का आखिरी सोमवार होने से शाम 4 बजे भगवान महाकाल की सवारी भी निकलेगी।

पूजन परंपरा में श्रावण मास के दौरान भगवान महाकाल की भस्म आरती करने वाले पुजारी परिवार द्वारा भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डू का महाभोग लगाया जाता है। इस बार पं.आशीष पुजारी के परिवार द्वारा भस्म आरती की जा रही है। उन्हीं के द्वारा भक्तों के सहयोग से भगवान को लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। महाकाल मंदिर में श्रावणी पूर्णिमा पर सवा लाख लड्डू के महाभोग का विशेष महत्व है। अधिक से अधिक भक्तों को महाप्रसाद मिल सके इसलिए भगवान को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाने की परंपरा चली आ रही है। मंदिर के सोलह पुजारी परिवार में से जिस पुजारी की श्रावण में भस्म आरती होती है, वे इस परंपरा का पालन करते हैं।

You may have missed