भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. प्रभात झा को भाजपा कार्यालय में दी श्रद्धांजलि

शाजापुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा का विगत 26 तारीख को निधन हो गया था, जिनको श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय जनता पार्टी शाजापुर के जिला कार्यालय में बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने बताया कि जिला कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्व झा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक नायक ने कहा कि प्रभात झा का सम्पूर्ण जीवन पार्टी एवं समाज की सेवा में अर्पण रहा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दिवंगत हो जाने के बाद जो सदा के लिए एक प्रेरक के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा जाते हैं ऐसी ही विभूति थे प्रभात जी। प्रभात जी की अद्भुत लेखन एवं वाक शैली को देखते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया था तथा यहीं से उन्होंने अपनी संगठन में उपस्थित दर्ज कराई एवं विभिन्न सांगठनिक पदों पर कार्य किया। एक कुशल संगठक के साथ-साथ प्रभात जी सरल स्वागत के धनी व्यक्ति थे वो मंडल स्तर तक के कार्यकतार्ओं से सम्पर्क में रहते थे तथा उनसे पत्राचार किया करते थे।
विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि झा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल में मुझे पहले भी जिलाध्यक्ष के रुप में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ था तथा उनके ही कार्यकाल में मुझे विधायक बनने का अवसर प्राप्त हुआ था। आज प्रभात जी हमारे बीच में नहीं हैं किंतु उनकी बताई कार्यशैली और उनके बताए सिद्धांत सदा हमारे हृदय और मानस पटल पर जीवित रहेंगे तथा उनकी उपस्थिति का आभास कराते रहेंगे। इस दौरान स्व झा के साथ शाजापुर जिले में दिवंगत हुए भाजपा परिवार के सदस्य स्व सूरजमल सांकलिया, स्व दीपक भीमावद, स्व अमृतलाल मीणा, स्व विरांची मेहता, स्व भगवानसिंह जादौन, स्व रमेश पाटीदार, स्व वीरेंद्रसिंह राजपूत, स्व देवीसिंह पाटीदार को भी श्रद्धांजलि दी गई।