रामघाट पर  लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ा महिला श्रद्धालुओं का बेग लेकर भाग रहा था बदमाश

दैनिक अवंतिका  \उज्जैन। क्षिप्रा नदी रामघाट पर शुक्रवार सुबह बदमाश ने महिला श्रद्धालुओं को बेग उठाया और दौड़ लगा दी। महिलाओं ने उसे देखा तो शोर मचाया और पीछा किया। लोगों की मदद से बदमाश को पकड़ लिया गया। जिसे रामघाट चौकी को सौंपा गया। जहां से महाकाल थाने भेजा गया। इलाहबाद से शुक्रवार को महिला और युवतियों का एक दल धार्मिक यात्रा पर आया था, जो सुबह रामघाट पर नहान के लिये पहुंचा। सभी ने अपना सामान घाट पर रखा और नहाने के लिये चले गये। तभी एक बदमाश आया और दल में शामिल महिला श्रद्धालु उषा पति रूपचंद जयसवाल 58 वर्ष का बेग उठाकर भागने लगा। दल में शामिल युवतियों ने बदमाश को बेग लेकर भागते देखा तो शोर मचाया और पीछा किया। बदमाश को लोगों की मदद से कुछ दूरी तक भागने के बाद पकड़ लिया गया। जिसे रामघाट चौकी पर होमगार्ड जवानों को सौंपा गया। उषा जयसवाल ने बताया कि बेग में 6 हजार रूपये, 3 मोबाइल और कपड़े रखे हुए थे। बदमाश से बेग छुड़ा लिया और उषा जयसवाल को सौंपा गया। महिला श्रद्धालुओं ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई। रामघाट चौकी से बदमाश को महाकाल थाने भेजा गया। जहां सामने आया कि बदमाश बंटी पिता जसवंतसिंह मीणा निवासी भोपाल सामने आया। जिसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा गया है