अनाधिकृत तरीके से आने पर लगा 29 हजार का जुर्माना महाकाल लोक में घुसा देवास विधायक पुत्र की कारो का काफिला

दैनिक अवंतिका उज्जैन
उज्जैन। नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिये पहुंच रहे थे। उसी बीच देवास भाजपा विधायक पुत्र की कारो का काफिला अनाधिकृत तरीके से महाकाल लोक तक पहुंच गया। कलेक्टर-एसपी ने प्रतिबंधित क्षेत्र में कारो का काफिला आता देखा तो दौड़ पड़े। कारो को रोका गया। इस दौरान चालक से कलेक्टर-एसपी की बहस हुई। काफिले में शामिल 3 कारो को जप्त कर लिया गया। बाद में उन पर यातायात थाने में जुर्माना किया गया।
वर्षभर में एक बार खुलने वाले महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर बने भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर को 24 घंटे के लिये खोला गया था। देशभर के लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिये पहुंच रहे थे। प्रशासन ने व्यवस्था को बनाने के लिये मंदिर की ओर आने वाले मार्गो पर वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया था। वीआईपी वाहनों की अलग व्यवस्था की गई थी। इसी बीच शाम नीलकंठ द्वार से देवास विधायक गायत्री राजे के पुत्र विक्रमसिंह की गाड़ियों का काफिला अंदर आया और मानसरोवर गेट की ओर महाकाल लोक में पहुंच गया। प्रतिबंधित एरिया में वाहनों को आता देख कंट्रोलरूम में बैठे कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा गाड़ियों को देख और रोकने के लिये दौड़ पड़े। गाडियों के पास जाकर चालकों से यहां तक वाहन कैसे लाये, पूछताछ की। इस पर वाहन चालको के जबाव सुनने के बाद कलेक्टर-एसपी ने जमकर लताड़ा। इस दौरान चालक सॉरी कहते भी सुनने गये। इसके बाद अधिकारियों ने वाहनों को जप्त करने के आदेश देते हुए वाहनों को यातायात थाने भेज दिया।
नियमों का पालन नहीं करने पर लगा जुर्माना
यातायात पुलिस द्वारा जप्त किये वाहन चालको द्वारा नियमों का पालन नहीं करने पर चालानी कार्रवाई की। एएसपी जयंतसिंह राठौर ने बताया कि गाड़ियों पर नियम विरूद्ध हुटर लगाये गये थे। नो इंट्री में प्रवेश किया गया था। वहीं गाड़ियों पर लगी नम्बर प्लेट भी आरटीओ नियम के अनुसार नहीं थी। जिसके चलते मोटर व्हीकल एक्ट की अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई है।
29 हजार 500 का लगा जुर्माना
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि महाकाल लोक नो इंट्री में आये तीन वाहनों को जप्त करने के बाद 29 हजार 500 रूपये जुर्माने की कार्रवाई की गई है। जुर्माने की कार्रवाई यातायात डीएसपी द्वारा की गई है।

You may have missed