केन्द्र सरकार ने मांगी आटा दाल के भावों की सूची

उज्जैन। आपके शहर में आटा, दाल, तेल, शकर के साथ आलू-प्याज, बैंगन, टमाटर के क्या दाम है? केंद्र सरकार हर दिन यह जानकारी तलब कर रही है। उज्जैन ही नहीं इंदौर शाजापुर जैसे आसपास के जिलों से भी हर दिन जरूरी वस्तुओं के दाम दिल्ली भेजे जा रहे हैं। जानकारी दिल्ली तक भेजने की जिम्मेदारी खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के जिम्मे हैं।

त्योहारी मौसम में महंगाई न भड़के इसलिए केंद्र सरकार ने सख्त निगरानी शुरू की है। सरकार का पूरा ध्यान खाद्य पदार्थों पर है। पांच-दस नहीं बल्कि पूरी 38 वस्तुओं के दामों की जानकारी हर दिन ली जा रही है। पहले प्रमुख शहरों से दाम जाते अब छोटे-छोटे जिलों को भी जोड़ लिया गया है। 1 अगस्त से ही सरकार ने प्राइज मॉनिटरिंग सिस्टम में बदलाव किया है। अधिकारी हर दिन के दामों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक उपभोक्ता मंत्रालय को फीड कर रहे हैं। खास बात ये है कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों से नहीं अब छोटे-छोटे जिला मुख्यालयों से दाम के आंकड़े सरकार ले रही है। आसपास के सभी जिलों को प्राइज मॉनिटरिंग में शामिल कर लिया गया है। मप्र के करीब 30 जिला मुख्यालयों से दामों की जानकारी ली जा रही है। 1 अगस्त से पहले तक आवश्यक वस्तुओं की सूची जिनके दामों की जानकारी सरकार ले रही थी वे सिर्फ 22 थी। 1 अगस्त से इसमें सरकार ने बैंगन, बाजरा, रागी, अंडा, सूजी, बेसन, मैदा, घी, काली मिर्च, धनिया, जीरा, लाल मिर्च, हल्दी और केला जैसे 16 वस्तुओं को जोड़ा है।