भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी

भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक दिन पहले 14 अगस्त को भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका शुभारंभ सूबे के सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे और वे भी यात्रा में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कोलार के मदर टेरेसा स्कूल से भैंसाखेड़ी तक 30 किलोमीटर लंबी यह यात्रा होगी। दो पहिया वाहन से निकलने वाली तिरंगा यात्रा में 30 हजार से अधिक वाहन शामिल होंगे। विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकालने जा रहे हैं। यात्रा के लिए वाहनों का पंजीयन किया गया है। अब तक 33 हजार से अधिक दोपहिया वाहनों का पंजीयन किया जा चुका है। एक दोपहिया पर दो लोग सवार होंगे। इस तरह से दोपहिया वाहनों मे सवार लगभग 65 से 70 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा का स्वागत फूलों से करने के बजाय हाथों में तिरंगा लहराते हुए करें। तिरंगा यात्रा के वाहन सवारों के साथ यात्रा मार्ग में लाखों हाथों में तिरंगा लहराएगा। इससे तिरंगे की शान भी बढ़ेगी। नई पीढ़ी के मन में राष्ट्रभक्ति का सागर भी हिलोरें मारेगा।

You may have missed