आर्मी-रेलवे में भर्ती कराने 100 लोगों से 6 करोड़ ठगे

ब्रह्मास्त्र भोपाल/शाजापुर

जुलाई 2022 में जब मुझे सेना में भर्ती का जॉइनिंग लेटर मिला तो पूरे परिवार ने जश्न मनाया था। इसके लिए परिवार ने 6 लाख रु. दिए थे। हमें नहीं पता था कि हम धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं।

 

ये कहना है 23 साल के साहिल का। साहिल देवास जिले में सोनकच्छ के गंधर्वपुरी का रहने वाला है। उसके जैसे करीब 100 युवा हैं, जिन्हें आर्मी और रेलवे में भर्ती दिलाने के नाम पर शाजापुर के दरबार सिंह ने 6-6 लाख रु. लिए थे। दरबार सिंह और उसके गिरोह के सदस्यों ने इन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर दिया, फर्जी मेडिकल भी करवाया। ट्रेनिंग के लिए तीन से चार महीने तक देश के अलग-अलग शहरों में घुमाया। उसके बाद अगली तारीख देकर घर वापस भेज दिया। धोखाधड़ी का शिकार हुए युवकों ने शाजापुर पुलिस को इसकी शिकायत की। पुलिस ने जब तफ्तीश शुरू की तो पाया कि इस गिरोह का नेटवर्क दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट, यूपी समेत कई राज्यों तक फैला है। गिरोह से आर्मी और रेलवे के अधिकारी भी जुड़े हैं। मास्टरमाइंड हिमाचल प्रदेश का रहने वाला रविंद्र सिंह है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।