रक्षाबंधन पर महाकाल को लगाया जाएगा सवा लाख लड्डुओं का भोग

उज्जैन। रक्षाबंधन 19 अगस्त को महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। लड्डू बनाने की तैयारी मंदिर परिसर में हाल ही में स्थापित शिखर दर्शन के नीचे स्थित कमरों में शुरू की गई है।

इस प्रक्रिया में उपयोग होने वाले बर्तन और पात्रों को गंगाजल से पवित्र किया गया है, ताकि भोग की शुद्धता और पवित्रता बनी रहे। बुधवार की सुबह उज्जैन के कलेक्टर नीरज सिंह और पंडित घनश्याम पुजारी, संजय पुजारी, आशीष पुजारी, विकास पुजारी और मनोज पुजारी ने लड्डू बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत की। कलेक्टर नीरज सिंह ने इस धार्मिक कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लड्डू बनाने की प्रक्रिया में योगदान दिया। उन्होंने इस अवसर पर भगवान महाकाल से देशवासियों की भलाई और समृद्धि की प्रार्थना भी की। पंडित आशीष पुजारी ने जानकारी दी कि इस बार रक्षा बंधन के अवसर पर भगवान महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। इन लड्डुओं को तैयार करने की प्रक्रिया में लगभग पांच दिन का समय लगेगा। इस पूरी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद, तैयार लड्डू भगवान महाकाल को भोग के रूप में अर्पित किए जाएंगे और फिर भक्तों में वितरण किया जाएगा।