निकली तिरंगा रैली देश भक्ति का रंग जमा,घरों पर लहराया तिरंगा  आज प्रभारी मंत्री दशहरा मैदान पर फहराएंगे तिरंगा

दैनिक अवंतिका उज्जैन। आजादी पर्व आमजन के मन पर छा गया। घर – घर तिरंगा लहरा गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों , महिलाओं,युवाओं में देशभक्ति का खुमार छा गया। बुधवार को नगर निगम के संयोजन में क्षीरसागर से शहीद पार्क तक तिरंगा रैली निकाली गई। स्कूली बच्चों के साथ कर्मचारियों ने इसमें जमकर भागीदारी की। आजादी पर्व पर गुरूवार को दशहरा मैदान पर मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।बुधवार को स्कूली बच्चों की तिरंगा रैली से शहर पुरी तरह से तिरंगे के रंग में रंग गया । क्षीरसागर से रैली निकाल कर बच्चे पैदल ही शहीद पार्क पहुंचे थे। देशभक्ति के नारों से उज्जैन की गलियां गुंज गई। बच्चों के साथ कलेक्टर नीरजकुमार सिंह,एसपी प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त आशीषसिंह भी पैदल ही चले। इनके साथ ही जनप्रतिनिधियों में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ महाराज,विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल,निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगराध्यक्ष विवेक जोशी सहित जनसमूह शामिल हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और अपने संबोधन में जनसमूह का उत्साहवर्धन किया।कुछ ऐसा रहेगा मुख्य समारोह -मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दशहरा मैदान, उज्जैन में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेगें। मुख्य अतिथि आगमन 8.58 बजे होगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रात: 09 बजे ध्वजारोहण,सलामी, राष्ट्रगान धुन होगा। प्रात: 09.05 बजे मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात प्रात: 09.10 बजे स्वतंत्रता संग्राम सैनानी / शहीद के परिवार एवं लोकतंत्र सैनानियों का सम्मान। प्रातः 9:20 बजे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन करेंगे। प्रात: 09.40 बजे हर्ष फायर एवं मार्च पास्ट। प्रात: 9:55 बजे मध्यप्रदेश गान। 10.00 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम,10.15 पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। स्नेह भोज शाउमावि महाराजवाडा क्र.1 में स्वतंत्रता दिवस 2024 को पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना अन्तर्गत “स्नेह भोज” का आयोजन लक्षित शालाओं में किये जाने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये है। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजवाड़ा क्रमांक 1 में “विशेष भोज” का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री टेटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।कलेक्टर ने किया हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान-कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने जिले वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाएं। सभी राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण और देशभक्ति का संकल्प ले । देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी नागरिकों से अपने घर पर तिरंगा लहराने का आह्वान किया है। प्रभारी मंत्री ने सपत्निक भगवान महाकाल के किए दर्शन -उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल बुधवार को दोपहर में उज्जैन पहुंचे थे। उन्होंने यहां आकर श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर सपत्नीक भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा अर्चना की। पूजन पं.राजेश पुजारी व आकाश पुजारी ने सम्पन्न करवाया । मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचन्द जुनवाल ने श्री टेटवाल का सम्मान किया । इससे पूर्व मंत्री श्री टेटवाल का सर्किट हाउस उज्जैन में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।