प्याज के दाम छलका रहे है आंसू…लहसुन के दाम भी कुछ कम नहीं

इंदौर। इंदौर शहर में सब्जियों के साथ ही प्याज के दाम भी आंसू छलका रहे है तो वहीं लहसुन के दाम भी कुछ कम नहीं है। व्यापारियों ने बताया कि प्याज की आवक तो है लेकिन लहसुन की आवक कम होने के कारण इसके भाव ज्यादा है।

बाजार में 10 रुपए किलो बिकने वाली प्याज इस समय 35 रुपए किलो बिक रही है  वहीं लहसुन के दाम भी आसमान छू रहे हैं, यह 250 रुपए किलो बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि माल अभी भी शॉर्टेज है, क्योंकि लहसुन का बीज महंगा है और प्याज में वायरस लगने के कारण आवक भी कम है। व्यापारियों ने बताया कि बाजार में प्याज और लहसुन की हालत टाइट है। माल की आवक कम है, जिसके कारण बाजार में प्याज और लहसुन महंगा बिक रहा है। राखी के बाद इनकी कीमत में और तेजी आने की संभावना है। मंडी में प्याज का दाम 35 से 40 रुपए किलो तक बिका है। वहीं लहसुन की कीमत 250 रुपए किलो तक जा चुकी है। नया लहसुन आने में पांच माह का समय है। वहीं प्याज महाराष्ट्र के नांदेड़, नासिक से बड़ी मात्रा में आता है। व्यापारियों का कहना है कि राखी बाद प्याज में और तेजी आएगी और इसके दाम बाजार में खेरची में 50 से 75 रुपए किलो तक जाएंगे। बाजार में इस समय लहसुन के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इस प्रकार लहसुन में तेजी बनी हुई है और 20,000 से 25,000 रुपए क्विंटल थोक में बिक रहा है। थोक में लहसुन भाव के 200 रुपए क्विंटल तक बिका है। ऐसे में खेरची में 400 से 500 रुपए किलो तक बिकेगा। व्यापारियों का कहना है कि  लहसुन पिछले साल भी 500 रुपए किलो तक बिका था।