आज शाम निकलेगी राजाधिराज की सवारी

उज्जैन। आज सोमवार की शाम 4 बजे राजाधिराज महाकाल की सवारी गाजे बाजे के साथ निकलेगी। भादौ माह की इस सवारी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। सवारी में भक्तों को भगवान महाकाल के एक साथ छह रूपों के दर्शन होंगे। चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर, हाथी पर मनमहेश, गरुड़ पर शिव तांडव, नंदी पर उमा महेश, रथ पर होलकर तथा घटाटोप रूप में सवार होकर दर्शन देने निकलेंगे। परंपरागत मार्गों से होकर सवारी शिप्रा तट पहुंचेगी। मंदिर से शाम चार बजे शाही ठाठ-बाट के साथ सवारी की शुरुआत होगी। सवारी में बैतूल के जनजातीय कलाकारों का दल गोंड जनजाति थातिया नृत्य की प्रस्तुति देते निकलेगा। दो सितंबर को श्रावण-भादो मास के क्रम की आखिरी शाही सवारी निकलेगी। इधर आज सोमवार को सुबह से ही महाकाल मंदिर में आस्थावानों का तांता लगा रहा। आज जन्माष्टमी है और सोमवार का भी अवसर है लिहाजा श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में कुछ ज्यादा ही रही। जय महाकाल की गूंज मंदिर में होती रही तो वहीं शाम को सवारी में भी आस्थावान दर्शन कर अभिभूत हो जाएंगे।