10 ब्राचों में एक भी विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं लिया

प्रदेश के करीब 141 इंजीनियरिंग कालेजों में प्रवेश के लिए चल रही आनलाइन काउंसलिंग का पहला चरण समाप्त हो गया। इसमें 58 ब्रांचों की करीब 72 हजार सीटों पर करीब 18 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पहले चरण में 25 फीसद सीटें भर पाई हैं।

वहीं 10 ब्राचों में एक भी विद्यार्थी ने प्रवेश नहीं लिया है। इसमें अपग्रेडेशन के बाद भी सात हजार 235 विद्यार्थियों ने सीट छोड़ दी है। इन्हें आवंटित ब्रांच या कालेज पसंद नहीं आया। तकनीकी शिक्षा विभाग (डीटीई) द्वारा दूसरे चरण के लिए प्रवेश प्रक्रिया छह सितंबर तक चलेगी। इसके बाद ब्रांच परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस वर्ष भी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) ब्रांच सबसे ज्यादा डिमांड में है। सबसे अधिक 21 हजार सीटें सीएसई की हैं। इसमें करीब सात हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। प्रदेश के 13 कालेज और भोपाल के 20 कालेजों में एक भी प्रवेश नहीं हुए हैं। अब इन कालेजों को दूसरे चरण की काउंसलिंग से काफी उम्मीदें हैं। दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए पंजीयन की प्रक्रिया समाप्त हुई और सोमवार तक सत्यापन होंगे।इस चरण में जेईई मेन के अलावा 12वीं के आधार पर भी पंजीयन की सुविधा दी गई है।सीट आवंटन में पहले जेईई देने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।इसके बाद खाली सीटों पर 12वीं की मेरिट के आधार पर सीट आवंटन होगा।सीट आवंटन तीन सितंबर को होगा।