जार्ज कुरियन का निर्विरोध निर्वाचन तय

भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्य सभा की एक रिक्त सीट के लिए अब मतदान नहीं होगा। निर्दलीय प्रत्याशी कांतदेव सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। भाजपा के प्रत्याशी केंद्रीय राज्य मंत्री जार्ज कुरियन निर्विरोध निर्वाचित होंगे।

इसकी घोषणा मंगलवार को नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद कर दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद राज्य सभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव में भाजपा से केंद्रीय राज्य मंत्री जार्ज कुरियन ने नामांकन पत्र भरा  वहीं  भाजपा नेता कुलदीप बेलावत और कांतदेव सिंह ने निर्दलीय नामांकन पत्र भरा था। जांच में कुलदीप बेलावत का नामांकन पत्र निरस्त हो गया और अब कांतदेव सिंह ने भी नाम वापस ले लिया है। ऐसे में  जार्ज कुरियन का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। बता दें कि कांतदेव भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उनका नामांकन भी विकल्प के रूप में भरवाया गया था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि नाम वापसी के निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर निर्वाचन प्रमाण पत्र दे दिया जाएगा।