आधी रात को महिला डॉक्टर के ड्यूटी रूम में शराबी ने किया घुसने का प्रयास

इंदौर। एमवाय अस्पाल में भले ही महिला डॉक्टरों की ड्यूटी रात को लगा दी जाती हो लेकिन इनकी सुरक्षा के कोई खास इंतजाम नहीं रहते है। इसका उदाहरण उस वक्त सामने आया है जब एक महिला डॉक्टर के ड्यूटी रूम में एक शराबी आधी रात के समय घुस गया। ऐसे में निश्चित ही एमवाय में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न खड़े हो रहे है।

हालांकि मामला शनिवार की रात का बताया जा रहा है। बताया गया है कि करीब तीन मिनट तक वह दरवाजा ठोंकता रहा और अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन वहां कोई भी सुरक्षाकर्मी नहीं आया। डरी-सहमी डॉक्टर बाहर निकलने की हिम्मत भी नहीं कर पा रही थी। फिर वह किसी तरह वहां से निकलकर भागी और चिल्लाई, तब मरीजों के स्वजन इकट्ठा हो गए। घटना एमवाय अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर रात करीब 12.30 बजे हुई। यहां नशे में धुत एक व्यक्ति ने महिला डीडीआर (डॉक्टर ड्यूटी रूम) में घुसने का प्रयास किया। जूनियर डॉक्टरों के मुताबिक उस समय केवल एक सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर था और वह भी सो रहा था। अलार्म बजाया, फिर भी वह नहीं उठा। बाद में डरी हुई डॉक्टर ने अपने सहकर्मियों को बुलाया और अन्य मरीजों के स्वजन बचाने के लिए आगे आए। इसके बाद वह सुरक्षित रूप से बंद कमरे से बाहर निकल सकी। डॉक्टरों ने उस नशेड़ी व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। रात में ही एक शिकायत भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति अस्पताल में किसी मरीज के साथ आया था। हालांकि रात तक डॉक्टरों ने पुलिस से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की। डॉक्टरों ने बताया कि नशेड़ी अंदर घुस आया, इसका मतलब किसी भी व्यक्ति की अंदर आते समय जांच नहीं की जा रही है।