इंदौर-उज्जैन के बीच सिक्सलेन…अक्टूबर अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना

0

इंदौर। इंदौर-उज्जैन के फोरलेन को सिक्सलेन में बदलने के प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल चुकी है और संभावना है कि निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक शुरू हो जाएगा। बता दें कि सिंहस्थ के मद्देनजर सरकार ने फोरलेन को सिक्सलेन में तब्दील करने का फैसला लिया था।

विस्तार करने को लेकर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) और निर्माण एजेंसी के बीच अनुबंध हो चुका है। अब सड़क को सिक्स लेन में बदलने की डिजाइन पर काम होगा। इससे पहले एजेंसी पूरे मार्ग का सर्वे करेगी। ये सितंबर-अक्टूबर के बीच रखा गया है। वैसे अक्टूबर अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। मार्ग में अभी तक सिर्फ एक फ्लाईओवर बना है, लेकिन अब आधा दर्जन अंडरपास और तीन फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। प्रोजेक्ट को ढाई साल में पूरा किया जाएगा। सिंहस्थ के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए सड़क को चौड़ा किया जाएगा। अभी इंदौर-उज्जैन मार्ग 17 मीटर है। दोनों तरफ साढ़े आठ-साढ़े आठ मीटर चौड़ाई है। सिक्सलेन बनने के बाद इंदौर-उज्जैन रोड 25 मीटर चौड़ी होगी। प्रत्येक हिस्सा चार-चार मीटर चौड़ा किया जाएगा। मार्ग पर दुपहिया-कार और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग लेन रखी जाएगी। 46 किमी मार्ग को तीन हिस्सों में बनाया जाएगा। पहला चरण 14 किमी का रहेगा। बाद में 16-16 किमी की सड़क बनाएंगे। सांवेर, शांति पैलेस तिराहा और इंजीनियरिंग कॉलेज के नजदीक फ्लाईओवर होंगे। वहीं आधा दर्जन अंडरपास होंगे। गांव से निकलने वाले सड़क को इंदौर-उज्जैन मार्ग से जोड़ने के लिए आठ जंक्शन बनाएंगे, ताकि वाहन सीधे सिक्सलेन पर न आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *