भिडंत के बाद पलटी आयशर के नीचे दबा परिचालक

0

उज्जैन। गेहूं भरी आयशर खराब होने पर सड़क किनारे खड़ी थी। सोमवार सुबह पीछे से आई केले से भरी आयशर ने टक्कर मार दी। खड़ी आयशर सड़क से उतरने के बाद पलटी खा गई। जिसके नीचे दबने से परिचालक की दर्दनाक मौत होना सामने आया। नागझिरी थाना एसआई करण खोवाल ने बताया कि सुबह 5 बजे के लगभग चंदेसरा बायपास पर ब्रिज के समीप 2 आयशर के बीच भिड़ंत होने की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची थी। एक आयशर सड़क किनारे पलटी खा गई थी। दूसरी क्षतिग्रस्त हालत में थी। जनहानि की आशंका में जांच शुरू की गई तो पलटी आयशर के नीचे एक व्यक्ति की दबे होने का पता चला। 2 व्यक्तियों के घायल होने की जानकारी समाने आई। घायलों में पलटी आयशर का चालक प्रकाश पिता नागेश्वर निवासी महू इंदौर था, दूसरा घायल टक्कर मारने वाली आयशर का चालक विजेन्द्र पिता रामदेव निवासी टोंक राजस्थान होना सामने आया। दोनों की हालत गंभीर थी, अस्पताल भेजने के बाद दबे व्यक्ति को निकालने के लिये क्रेन बुलाई गई। उसके बाहर आने पर पता चला कि मौत हो चुकी है। पहचान करने पर नाम किशोरसिंह पिता कन्हैया जादौन 57 वर्ष निवासी महू इंदौर के रूप में हुई। मामले में मर्ग कायम किया गया। खबर मिलने पर मृतक के परिजन उज्जैन पहुंच गये थे। किशोरसिंह के घायल साथी चालक प्रकाश ने बताया कि उनकी आयशर खराब हो गई थी, जिसके चलते सड़क किनारे खड़ी थी। पीछे से तेजगति में आई आयशर ने टक्कर मारी है।
कटनी से उज्जैन के लिये भरा था गेहूं
बताया जा रहा है पलटी आयशर में चालक और परिचालक गेहूं भरकर उज्जैन आ रहे थे। गाड़ी में खराबी आने पर खड़ी कर सुबह होने पर संधारण का इंतजार कर रहे थे। वहीं टक्कर मारने वाली आयशर का चालक भुसावल से केले भरकर जयपुर के लिये जा रहा था। सुबह का समय होने पर  नींद का झोंका आने पर भिड़ंत होना सामने आ रहा है। पुलिस का कहना था कि दोनों वाहनों के बयान दर्ज करने पर ही दुर्घटना का मामला स्पष्ट हो पायेगा।
कुछ देर के लिये बाधित हुआ यातायात
बायपास मार्ग पर हुई 2 आयशर भिड़ंत के बाद कुछ देर के लिये यातायात बाधित हो गया था। टक्कर मारने वाली आयशर क्षतिग्रस्त होने के बाद मार्ग पर खड़ी थी। जिसे क्रेन की मदद से हटाया गया। उसके बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हो गया था। दोनों वाहनों को जप्त कर नागझिरी थाने लाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *