जाते जाते तांडव मचाएगा मानसून….गरज चमक के साथ हो रही बारिश

0

 

उज्जैन। यूं भले ही मानसून की विदाई मानी जा रही हो लेकिन मौसम विभाग की यदि माने तो अभी मानसून जाते जाते एक बार फिर से तांडव मचा रहा है। यही कारण है कि न केवल उज्जैन संभाग बल्कि अन्य शहरों में भी गरज चमक के साथ बारिश होने का सिलसिला जारी है।

मध्य प्रदेश में दो दिशाओं से आ रही हवा की वजह से बादल गरज-चमक रहे हैं। यह हवाएं दक्षिण-पश्चिम और उत्तर भारत से आ रही हैं। बार-बार बदल रही हवाओं की दिशा की वजह से प्रदेश के इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, भोपाल और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है। वहीं, नर्मदापुरम और इंदौर में अच्छी वर्षा हुई। इंदौर में  सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से 400 मीटर तक दृश्यता रह गई थी। यह स्थिति एक-दो दिन और रह सकती है।

मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार   एक सिस्टम अरब सागर में बना हुआ है और दूसरा सिस्टम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। इन दोनों की वजह से हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। मध्य प्रदेश में कुछ जगहों से आज-कल में मानसून की विदाई हो सकती है। बादलों की वजह से कई संभागों में दिन के तापमान में गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा है। भोपाल में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के कई संभागों में अगले चौबीस घंटों के दौरान वर्षा होने के आसार हैं। इनमें कटनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *