मोहन सरकार चार साल पहले से ही तैयारियां शुरू करने की कवायद में जुटी
मध्यप्रदेश की पहचान धार्मिक नगरी उज्जयिनी में होने वाले सिंहस्थ को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, कि वैश्विक आयोजन सिंहस्थ के माध्यम से भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा। इसकी समुचित तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकाल ज्योतिर्लिंग उज्जैन के महाकाल लोक और दूसरे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान धार्मिक नगरी उज्जयिनी में प्रत्येक 12 वर्ष में होने वाले सिंहस्थ के रूप में होती है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस दृष्टि से सिंहस्थ प्रदेश के साथ ही राष्ट्र के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है। पूरे विश्व में इसकी गूंज होती है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए नये निर्माण कार्य भी कराए जा रहे हैं। साथ ही वर्तमान सुविधाओं का उन्नयन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की सफलता के लिये अभी से तैयारियां शुरू करनी होगी। इन सभी कार्यों को शासकीय विभागों और अन्य उपक्रमों के तालमेल के साथ पूर्ण करने के लिये जुटना होगा।