बुधनी उप चुनाव को लेकर शिवराज के घर मंथन

0

 

भोपाल। मध्य प्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों बुधनी और विजयपुर में होने वाले उपचुनाव के लिए दोनों प्रमुख दलों बीजेपी और कांग्रेस की ओर से अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के साथ ही अब सभी की नजरें बुधनी विधानसभा पर टिक गई हैं। वहीं  भोपाल स्थित निवास पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के संबंध में बैठक ली और आगामी रणनीति पर चर्चा की।

भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर  बुधनी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में बुधनी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, रघुनाथ सिंह भाटी, भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हमारे कार्यकर्ता तैयार हैं। आज हमने रमाकांत भार्गव और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बुधनी के लिए रणनीति बनाई है। डबल इंजन की सरकार के काम का जनता में असर है। हम भारी बहुमत से बुधनी का उपचुनाव जीतेंगे और साथ ही विजयपुर का भी। बुधनी विधानसभा क्षेत्र से अब तक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक थे। लोकसभा चुनाव में उनके विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद चौहान ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद ही इस सीट के रिक्त होने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। बुधनी से भाजपा ने इस बार शिवराज के कट्टर समर्थक माने जाने वाले विदिशा के पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया है। वे पिछले लोकसभा चुनाव में विदिशा सांसद थे। इस लोकसभा चुनाव में उनके स्थान पर पार्टी ने विदिशा से चौहान को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद अब उन्हें चौहान की परंपरागत सीट से विधानसभा का टिकट दे दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *